शैक्षिक तकनीकी की उपयोगिता
शिक्षक प्रशिक्षण और शिक्षण
अधिगम की प्रक्रिया को केंदीकृत करते हुए शैक्षिक तकनीकी ने शिक्षा के विविध
पक्षों में अपनी उपयोगिता सुनिश्चित की है | शैक्षिक तकनीकी की उपयोगिता हम
निम्नलिखित बिन्दुओं के अन्तर्गत समझ सकते हैं |
1. शैक्षिक तकनीकी ने अपने तीन
रूपों में प्रौढ़ शिक्षा, सतत शिक्षा, और
दूरस्थ शिक्षा के लक्ष्यों को हासिल करने में अपनी उपयोगिता साबित की है |
2. आज लोक शिक्षा की अवधारणा को विस्तृत बनाने में देश के मुक्त
विश्वविद्यालयों को अपना लक्ष्य हासिल करने
में, शिक्षक प्रशिक्षण के क्षेत्र में MOOC (Massive Open Online
Courses) iGOT (Integrated Government
Online Training) जैसे कार्यक्रमों की सफलता में शैक्षिक तकनीकी की उपयोगिता सहज
ही दृष्टिगत होती है |
3. सेवारत, सेवापूर्व या जिज्ञासु प्रवृत्ति के प्रशिक्षुओं के लिए
केंद्र सरकार के मानव संसाधन विकास मंत्रालय (अब शिक्षा मंत्रालय) की अनूठी पहल
DIKSHA (Digital Infrastructure for knowledge Sharing) तथा SWAYAM (Study Web of
Active Learning for Young Aispiring Minds ) जैसे प्लेटफ़ॉर्म पर हजारों की संख्या
में जुड़े प्रशिक्षु और सैकड़ो कोर्स / प्रशिक्षण के सफलतापूर्वक संचालन में शैक्षिक
तकनीकी की उपयोगिता स्वयं सिद्ध हो जाती है |
4. शिक्षा तकनीकी की उपयोगिता शिक्षा के संगठन, प्रशासन और प्रबंधन की
गुणवत्ता के उन्नयन में देखा जा सकता है | इसके द्वारा इन क्षेत्रों की समस्यायों
का वैज्ञानिक विधियों से अध्ययन किया जाता है |
5. शिक्षक प्रशिक्षण के क्षेत्र में शिक्षा तकनीकी ने अपनी उपयोगिता
साबित की है | शिक्षण के विविध प्रतिमानों का विकास तथा कक्षागत अन्तःक्रिया
विश्लेषण की प्रभावी पद्धतियों का विकास करके शिक्षक व्यवहार में अभूतपूर्व
परिवर्तन लाया गया है | शिक्षा तकनीकी का यह कार्य सतत जारी है |
6. शिक्षा तकनीकी के विविध पक्षों का जानकार शिक्षक एक प्रतिभाशाली और
उत्पादक व्यक्तित्व बन जाता है | शिक्षक के दृष्टिकोण में सकारात्मकता, वैज्ञानिकता, वस्तुनिष्ठता,
व्यापकता व निरंतरता जैसे गुणों के विकास में शिक्षक तकनीकी की उपयोगिता दृष्टव्य है |
7. शिक्षा तकनीकी मनोवैज्ञानिक रूप से उन बालकों के लिए वरदान ही साबित हुई है जो शैक्षिक रूप से पिछड़े या विशेष
आवश्यकता वाले बच्चों की श्रेणी में वर्गीकृत हैं | अनुदेशनात्मक तकनीकी और अभिक्रमित अनुदेशन ने धीमी गति से सीखने वाले विद्यार्थियों की उपलब्धियों में
महत्वपूर्ण योगदान देकर अपनी उपयोगिता सिद्ध की है | शिक्षा तकनीकी के हार्डवेयर
उपागम ने (CWSN) श्रेणी के बच्चों के लिए विभिन्न प्रकार के अधिगम सहायक व छात्र
केन्द्रित उपकरण तैयार किए हैं |
8. अभिक्रमित अनुदेशन ने विद्यार्थियों की सीखने की गति को ध्यान में रखा है | इससे
मनोवैज्ञानिक रूप से व्यक्तिगत भिन्नता की समस्या का समाधान करने तथा स्वाध्याय की
आदत विकसित करने और करके सीखने के प्रत्यय
को बल मिला है | अस्तु इस क्षेत्र में भी शैक्षिक तकनीकी ने अपनी उपयोगिता दर्ज की
है |
9. शिक्षा तकनीकी के व्यवहार तकनीकी
प्रकार ने शिक्षक और छात्र के सम्बन्ध में नवीन दृष्टिकोण उत्पन्न किया है | यहाँ
शिक्षक Factilitator और Mentor के रूप में Guide करने का कार्य करने लगा है जो
उसके प्रारंपरिक स्वरुप से तो भिन्न है, परन्तु बेह्तर है |
10. शैक्षिक तकनीकी ने शिक्षक के श्रम, शिक्षार्थी के श्रम दोनों के
समय व धन की बचत करने में भी अपनी उपयोगिता साबित की है | आज शैक्षिक तकनीकी से
बेहद कम खर्चे में दुनिया के किसी भी विशेषज्ञ शिक्षक की कक्षा में ऑनलाइन या ऑफलाइन (Video) मोड में शामिल हुआ जा
सकता है |
अत: यह कहा जा सकता है कि शिक्षा के अभिन्न अंग के रूप में शिक्षा
तकनीकी ने शिक्षा के विविध पक्षों को विभिन्न प्रकार से प्रभावित किया है |
शैक्षिक तकनीकी ने वस्तुनिष्ठता व व्यापकता के साथ व्यावहारिकता और वैज्ञानिकता को बढ़ावा
देने में अपनी उपयोगिता साबित की है | यहीं कारण है NEP 2020 में तकनीकी द्वारा
शिक्षा पर विस्तृत रूप से विचार किया गया है |

Comments
Post a Comment